
एजेंसी
नई दिल्ली। वाइस एडमिरल करमबीर सिंह अगले नौसेना प्रमुख होंगे। वर्तमान नौसेना प्रमुख सुनील लांबा 31 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। वाइस एडमिरल करमबीर सिंह उनका स्थान लेंगे।
भारतीय नौसेना के एक प्रवक्ता ने ट्वीट किया, “भारत सरकार ने परम विशिष्ठ सेवा मेडल(पीवीएसएम), अति विशिष्ट सेवा मेडल(एवीएसएम) वाइस एडमिरल करमबीर सिंह को नौसेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया है। वह एडमिरल सुनिल लांबा के 31 मई को सेवानिवृत्ति होने के बाद कार्यभार संभालेंगे।
वाइस एडमिरल करमबीर सिंह, भारतीय नौसेना के पूर्वी नौसेना कमान के वर्तमान फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ हैं। इन्होंने 31 अक्टूबर, 2017 को ये पदभार ग्रहण किया था। करमबीर सिंह को जुलाई, 1980 में भारतीय नौसेना में नियुक्त किया गया था। साल 1982 में वे हेलीकॉप्टर पायलट बने। उन्हें एचएएल चेतक और कामोव का -25 हेलीकॉप्टरों को उड़ाने का काफी अच्छा अनुभव है। करमबीर सिंह को परम विशिष्ट सेवा मेडल और अति विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है।