
अनिता सिंह
मेरठ। अमर सिंह रविवार रात सूरजकुंड स्थित राष्ट्रीय युवा हिन्दू वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग गोस्वामी के घर पारिवारिक कार्यक्रम में आए थे। वह इस संगठन के संरक्षक भी हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर तो अयोध्या में ही बनेगा, इसे कोई रोक नहीं सकता है। उन्होंने कहा कि भले ही सारे विपक्षी दल गठबंधन की बात कर रहे हों। लेकिन सही बात यह है कि देश में इस समय नरेंद्र मोदी का कोई विकल्प मौजूद नहीं है। कहा कि मुलायम सिंह को इस समय कुछ पता नहीं है कि वह क्या कर रहे हैं। उनका कोई स्टैंड नहीं है। वह एक दिन अखिलेश यादव के पाले में खड़े नजर आते हैं तो दूसरे ही दिन शिवपाल यादव के साथ खड़े दिखाई देते हैं। उन्हें यह ही पता नहीं है कि उन्हें भाई के साथ रहना है या पुत्र के साथ।
पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वर्षो पहले विधानसभा में बसपा नेता मायावती के साथ जो घटना हुई थी उस वक्त लखनऊ के एसएसपी यही थे जो वर्तमान में प्रदेश के डीजीपी हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार के कामकाज पर उन्होंने कहा कि वह मोदी को 100 में से 98 नंबर व योगी को 10 में से आठ नंबर देना चाहेंगे। यदि प्रदेश की कानून व्यवस्था सुधर जाए तो वह 10 में से 10 नंबर देंगे। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ही 2019 में प्रधानमंत्री बनेंगे। उनके सिवा दूसरा कोई विकल्प नहीं है। जब उनसे पूछा गया कि कुछ समय पहले आरोप लगा था कि अखिलेश यादव ने जिस तरह से पार्टी की कमान हासिल की उसकी शिक्षा अमर सिंह ने दी थी। इस पर अमर सिंह ने कहा कि अखिलेश को औरंगजेब बनने की शिक्षा उन्होंने नहीं दी थी।
अमर सिंह ने कहा कि देश में नरेंद्र मोदी का कोई विकल्प नहीं है। बाकी सब हवाई बात कर रहे हैं। बोले कि बुआ भतीजे का गठबंधन पहले तो होना ही मुश्किल है और यदि हो भी गया तो चलेगा नहीं। राहुल गांधी के डीएनए में पॉलिटिक्स है और वह इंसान भी अच्छे हैं। लेकिन फिलहाल प्रधानमंत्री नहीं बन सकते हैं।