PoliticsUttar Pradesh
ब्राह्मण समाज ने हमेशा देश की अगुवाई की और नई दिशा दी, BJP सरकार में अपमानित है : अखिलेश यादव

समाजवादी प्रबुद्ध सभा के सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने ब्राह्मणों को अपने पाले में लाने की कोशिश भी की और कहा कि आज कृष्ण को सुदामा की जरूरत है और कहा कि ब्राह्मण समाज ने हमेशा देश की अगुवाई की और नई दिशा दी लेकिन BJP सरकार में अपमानित है।
हिमानी शुक्ला
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को भाजपा सरकार पर निशाना साधा और कहा कि यह पार्टी एक झूठ को छिपाने के लिए दूसरा झूठ बोलती है। समाजवादी प्रबुद्ध सभा के सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने ब्राह्मणों को अपने पाले में लाने की कोशिश भी की और कहा कि आज कृष्ण को सुदामा की जरूरत है।
समाजवादी पार्टी प्रदेश कार्यालय के डा0 लोहिया सभागार में समाजवादी प्रबुद्ध सभा द्वारा ‘वर्तमान राजनीतिक दिशा और समाजवाद की आवश्यकता‘ विषय पर आयोजित विचारगोष्ठी में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि प्रबुद्ध समाज ने हमेशा समाज और राजनीति को दिशा दी है। इस समाज ने हजारों वर्षों से रास्ता दिखाया हैं। भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा का रिश्ता पुराना है। अब साइकिल-हाथी और शंख साथ-साथ रहेंगे। समाजवादियों को इस रिश्ता को मजबूत करना होगा। समाजवादी सरकार में किसी के साथ भेदभाव नहीं किया गया। समाजवादी सरकार की विकास योजना में सबका ध्यान रखा गया था। उन्होंने कहा कि लेकिन भाजपा सरकार में प्रबुद्ध समाज अपमानित और उपेक्षित है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट मंत्री व ऊंचाहार विधायक डा0 मनोज पाण्डेय ने की। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय व राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी ने भी अपने विचार रखे।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार में समाज में नफरत फैलाई जा रही है। जाति के आधार पर दूरी बढ़ाने में भाजपा संलग्न हैं। उन्होंने कहा कि जब सभी जातियों को आधार से जोड़कर गणना हो जायेगी तो सबका सम्मान होगा और अवसर अधिकार भी मिल सकेंगा। श्री यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में अपराध रोकने के लिये यूपी 100 की व्यवस्था की गयी थी। लेकिन भाजपा सरकार में इस व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है। इस समय प्रदेश में निर्माण कार्य बंद हैं बालू मोरंग महंगी है। अर्थव्यवस्था चौपट हो रही है। वाराणसी में संस्कृत शिक्षकों को अनुदान दिया गया। भाजपा सरकार में विकास कार्य बंद हैं। भाजपा समाज में परस्पर अविश्वास पैदा कर रही है और जातिवाद की राजनीति करती है। भाजपा सरकार में डाटा तक चोरी हो रहा है यह नई चोरी है। जनता को इससे सतर्क रहने की आवश्यकता है।